
दिल्ली-एनसीआर में पश्चिमी विक्षोभ के कारण लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल गई है। बीते गुरुवार की शाम तेज हवाओं और बारिश की वजह से मौसम सुहावना हो गया। कुछ जगहों पर आंधी चलने के साथ हल्की बारिश भी हुई। मौसम विभाग ने आज के लिए चेतावनी जारी की है। आईएमडी ने कहा है कि दिल्ली-एनसीआर में बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का यह असर शुक्रवार को भी रहेगा। इस कारण आंशिक बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान 20-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेंगी। अधिकतम तापमान 37 व न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इसके बाद रविवार तक लगभग ऐसा ही तापमान रहेगा। सोमवार से फिर से गर्मी के कड़े तेवर दिखेंगे।
बीते दिन धूलभरी आंधी और हल्की बारिश होने से लू और प्रचंड गर्मी से लोगों को राहत मिली। पश्चिमी विक्षोभ के कारण दो से तीन तक गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। इसके बाद 14 अप्रैल से फिर से तापमान में बढ़ोतरी शुरू होगी और तापमान 40-41 डिग्री के बीच पहुंच जाएगा।
मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्र में आए पश्चिमी विक्षोभ के असर से मैदानी इलाकों में धूलभरी आंधी और हल्की बारिश का पूर्वानुमान जताया था। तीन दिन से दिल्ली लू की चपेट में थी। मंगलवार को 41 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया था, जबकि बुधवार को तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।